एसिड अटैक सर्वाइवर की कहानी: ओडिशा की प्रमोदिनी पर सेना के जवान ने किया था एसिड अटैक, हार मानने के बजाय डटकर किया मुश्किलों का सामना, अब रचाई सरोज साहू से शादी
- Hindi News
- Women
- Lifestyle
- Army Soldier Did Acid Attack On Odisha’s Pramodini, Faced Difficulties Rather Than Give Up, Now Married Saroj Sahu
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
7 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
एसिड अटैक सर्वाइवर प्रमोदिनी राउल को रानी से नाम से जाना जाता है। 29 साल की प्रमोदिनी ओडिशा के जगतसिंहपुर में रहती हैं। 1 मार्च 2021 को प्रमोदिनी ने अपने बॉयफ्रेंड सरोज साहू से शादी की। वे एक दूसरे को पिछले पांच सालों से जानते थे। 2018 में उनकी सगाई हुई थी। इससे पहले प्रमोदिनी पर 4 मई 2009 में एसिड अटैक हुआ। 16 साल की उम्र में उसने जब सेना के एक जवान को शादी से इंकार किया तो उसने प्रमोदिनी पर एसिड फेंक दिया। इससे उसका चेहरा पूरी तरह झुलस गया। साथ ही आंखों की रोशनी भी चली गई। उसके बाद प्रमोदिनी ने नौ महीने कटक के एक अस्पताल में बिताए।

इन हालातों से प्रमोदिनी को गहरा सदमा लगा। लेकिन हार मानकर बैठ जाने के बजाय उसने नई जिंदगी की शुरुआत करने में जी जान लगा दी। शादी के बाद प्रमोदिनी ने बताया – ”यह मेरी जिंदगी का सबसे अच्छा दिन है। हमारे समाज में जहां शादी के लिए एक लड़की की सुंदरता को सबसे अधिक महत्व दिया जाता है, मैं अपनी शादी के बारे में सपने में भी नहीं सोच सकती थी। मैं चाहती थी कि मेरी शादी के लिए मेरे परिवार और पति के परिवार की सहमति भी हो और ऐसा ही हुआ”।

2014 में प्रमोदिनी की मुलाकात सरोज से उस वक्त हुई जब वह अस्पताल में भर्ती थी। 2016 में सरोज ने प्रमोदिनी से अपने प्यार का इजहार किया। 2017 में प्रमोदिनी के आंखों की सर्जरी होने के बाद इन दोनों ने सगाई करने और जिंदगी भर एक दूसरे का साथ निभाने का वादा किया।