कोरोना दुनिया में: ब्राजील में 24 घंटे में 52 हजार मामले और 587 मौतें, राष्ट्रपति बोले- वैक्सीन नहीं लगवाउंगा
- Hindi News
- International
- Coronavirus Pandemic Country Wise Cases LIVE Update; USA Pakistan China Brazil Russia France Spain Recovery Rate Covid 19 Cases
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
वॉशिंगटन26 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

ब्राजील के साल्वाडोर में शनिवार को सैनिटाइजेशन वर्कर एक स्लम एरिया को सैनिटाइज करने की तैयारी करते हुए। देश में शनिवार को करीब 52 हजार नए संक्रमित पाए गए।
- दुनिया में अब तक 6.25 करोड़ से ज्यादा संक्रमित, 14.58 लाख लोगों की मौत हो चुकी है, 4.31 करोड़ स्वस्थ
- अमेरिका में संक्रमितों का आंकड़ा 1.36 करोड़ से ज्यादा, अब तक 2.72 लाख लोगों ने गंवाई जान
दुनिया में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 6.25 करोड़ के पार हो गया। 4 करोड़ 31 लाख से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक 14 लाख 58 हजार से ज्यादा लोग जान गंवा चुके हैं। ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं। संक्रमण के मामले में दूसरे स्थान पर मौजूद ब्राजील में इसका कहर कम नहीं हो रहा। शनिवार को यहां करीब 52 हजार नए मामले सामने आए। यहां राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो अब भी हालात को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि वैक्सीन आ भी जाएगी तो वे इसे नहीं लगवाएंगे।
ब्राजील में संक्रमण की रफ्तार फिर तेज
ब्राजील में शनिवार को एक ही दिन में 51 हजार 922 नए मामले सामने आए। हालात कितने बेकाबू होते जा रहे हैं, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसी दौरान 587 लोगों की मौत भी हो गई। ब्राजील में 62 लाख से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। इसी दौरान एक लाख 72 हजार लोगों की मौत हो चुकी है।
बोल्सोनारो गंभीर नहीं
ब्राजील के राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो अब भी कोरोनावायरस की गंभीरता को समझने तैयार नहीं दिखते। एक बार फिर उन्होंने वायरस का मजाक उड़ाया। इतना ही नहीं मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग को भी नकार दिया। साथ ही कहा कि अगर कोरोनावायरस की वैक्सीन आ भी गई तो वे इसे नहीं लगवाएंगे। उन्होंने कहा कि ब्राजील को वैक्सीन की कोई जरूरत नहीं है और वायरस वक्त के साथ खुद ही खत्म हो जाएगा। उन्होंने मास्क लगाने वालों की आलोचना की।
फ्रांस में क्रिसमस की तैयारियां शुरू
फ्रांस सरकार ने शनिवार को साफ कर दिया कि देश में संक्रमण के हालात पर काफी हद तक काबू पाया जा चुका है और जल्द ही लॉकडाउन पूरी तरह खत्म किया जा सकता है। देश के कुछ हिस्सों में धीरे-धीरे दुकानें खुलने लगी हैं। हालांकि, रेस्टोरेंट और बार-होटल अब भी बंद हैं। पेरिस की सड़कों पर करीब चार हफ्ते बाद रौनक लौटने लगी है। 30 अक्टूबर के बाद पहली बार यहां गैर जरूरी चीजों की दुकानें भी खुलीं। लेकिन, टूरिस्ट्स की मुश्किल बरकरार है। 20 जनवरी तक यहां बार, रेस्टोरेंट्स और होटल बंद ही रहेंगे।

फ्रांस की राजधानी पेरिस में शनिवार को एक गिफ्ट शॉप पर मौजूद ग्राहक। फ्रांस सरकार ने कुछ प्रतिबंध हटा लिए हैं। अगर हालात काबू में रहे तो बाकी प्रतिबंध भी जल्द ही हटाए जा सकते हैं। इसकी घोषणा सोमवार को की जा सकती है।
ऑस्ट्रेलिया में राहत
ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया में सख्त प्रतिबंधों का फायदा साफ तौर पर नजर आने लगा है। विक्टोरिया में लगातार 30 दिन से कोई नया केस सामने नहीं आया। इतना ही नहीं राज्य के किसी अस्पताल में फिलहाल कोई कोरोना पेशेंट एडमिट नहीं है। शनिवार को पूरे राज्य में सिर्फ 6 हजार टेस्ट ही किए गए। न्यू साउथ वेल्स में भी हालात काफी सुधार पर हैं। यहां 22 दिन से कोई नया केस नहीं मिला है। इसके अलावा किसी अस्पताल में कोई कोरोना पेशेंट फिलहाल नहीं है।
कोरोना प्रभावित टॉप-10 देशों में हालात
देश |
संक्रमित | मौतें | ठीक हुए |
अमेरिका | 13,610,357 | 272,254 | 8,041,239 |
भारत | 9,390,791 | 136,705 | 8,799,249 |
ब्राजील | 6,290,272 | 172,637 | 5,562,539 |
रूस | 2,242,633 | 39,068 | 1,739,470 |
फ्रांस | 2,208,699 | 52,127 | 161,137 |
स्पेन | 1,646,192 | 44,668 | उपलब्ध नहीं |
यूके | 1,589,301 | 57,551 | उपलब्ध नहीं |
इटली | 1,538,217 | 53,677 | 696,647 |
अर्जेंटीना | 1,407,277 | 38,216 | 1,235,257 |
कोलंबिया | 1,290,510 | 36,214 | 1,189,499 |
आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं।