चीनी कंपनी भारत में बनाएगी मेट्रो कोच: 350 करोड़ की लागत से आंध्र प्रदेश में लग रहा प्लांट, पश्चिम एशिया और अफ्रीका को निर्यात भी होगा
- Hindi News
- Business
- Chinese Company CRRC Nanjing Puzhen Is Setting Up Metro Coach Manufacturing Plant In Andhra Pradesh
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
नई दिल्ली3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
- 45.3 एकड़ जमीन पर किया जा रहा है प्लांट का निर्माण
- प्लांट के निर्माण से करीब 500 लोगों को रोजगार मिलेगा
चीन विरोधी सेंटिमेंट के बावजूद देश में चीनी कंपनियों का कारोबार जारी है। अब चीन की रोलिंग स्टॉक एंड कंपोनेंट बनाने वाला समूह CRRC नांनजिंग झेन मेट्रो कोच मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाने जा रहा है। इस प्लांट का शिलान्यास भी हो चुका है।
आंध्र प्रदेश के श्रीसिटी में हो रहा है निर्माण
जानकारी के मुताबिक, इस मेट्रो कोच मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का निर्माण आंध्र प्रदेश के श्रीसिटी में किया जा रहा है। इसके निर्माण पर शुरुआत में करीब 350 करोड़ रुपए का निवेश किया जाएगा। इस प्लांट का निर्माण करीब 45.3 एकड़ जमीन पर किया जा रहा है जिसके इस साल के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है। इस प्लांट के बनने से 500 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
बेंगलुरु मेट्रो के लिए 216 कोच बनाने का ऑर्डर मिला
इस प्लांट में दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC), बेंगलुरु मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (BMRCL), मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन डवलपमेंट अथॉरिटी और चेन्नई मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (CMRCL) के लिए कोच बनाए जाएंगे। कंपनी को बंगलुरु मेट्रो के लिए 216 मेट्रो कोच बनाने के लिए ऑर्डर भी मिल चुका है।
75% लोकल मैन्युफैक्चरिंग होगी
मेट्रो कोच की 75% मैन्युफैक्चरिंग लोकल स्तर पर करेगी, जबकि 50% से ज्यादा लोकल सामान का इस्तेमाल किया जाएगा। CRRC इंडिया का कहना है कि भविष्य में कोच की लोकल मैन्युफैक्चरिंग को 90% तक ले जाया जाएगा। भविष्य में CRRC पश्चिम एशिया और अफ्रीकी देशों के लिए भी कोच का निर्यात करेगी।
अच्छे इंडस्ट्रियल हब में से एक है श्रीसिटी
श्रीसिटी में प्लांट बनाने को लेकर CRRC इंडिया के चेयरमैन जेंग याओ झेंग ने कहा कि यह भारत के सबसे अच्छे इंडस्ट्रियल हब में से एक है। CRRC इंडिया इस क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है और कंपनी 5 स्थानीय मॉडल पर सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। इसमें स्थानीय ऑपरेशन, स्थानीय स्तर से खरीदारी, स्थानीय सेवा, स्थानीय मैन्युफैक्चरिंग और स्थायी एंप्लॉयमेंट शामिल हैं।
श्रीसिटी में निवेश करने वाली 13वीं कंपनी है CRRC
श्रीसिटी के फाउंडर MD रविंद्र सन्निरेड्डी का कहना है कि इस प्लांट की दूसरी ग्राउंडब्रेकिंग सेरेमनी नए साल में आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि श्रीसिटी में निवेश करने वाली CRRC 13वीं चीनी कंपनी है। हम दुनिया की बड़ी मेट्रो कोच निर्माता कंपनी का अपने ऑटोमोटिव सेक्टर में आने पर काफी खुश हैं।
CRRC के कई देशों में मैन्युफैक्चरिंग प्लांट
CRRC नांनजिंग झेन रेल ट्रांजिट उपकरण की दुनिया की सबसे बड़ी सप्लायर कंपनी है। चीन के अलावा CRRC के अमेरिका, अर्जेंटीना, मलेशिया और ब्रिटेन में भी मेट्रो कोच मैन्युफैक्चरिंग प्लांट हैं। श्रीसिटी में प्लांट के निर्माण के साथ कंपनी के मैन्युफैक्चरिंग मैप में भारत भी शामिल हो जाएगा।